July 27, 2024
Punjab-assembly-Election

(Punjab Assembly Election) पंजाब विधानसभा चुनाव प्रचार का आखिरी दिन

Share on

पंजाब विधानसभा चुनाव (Punjab Assembly Election) के दौरान राजनीतिक हलचल अपने चरम पर है। इस हलचल के दौरान सभी राजनीतिक दलों के नेता अपनी पूरी कोशिश कर रहे हैं। पंजाब में चुनाव प्रचार का दौर आज यानी शुक्रवार की शाम को खत्म हो जायेगा। ऐसे में राजनीतिक दलों ने मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।

कांग्रेस के चुनाव प्रचार की कमान राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने संभाली हुई है। कांग्रेस के सामने खुद को सत्ता में बनाए रखने की भी चुनौती है। इसलिए राहुल और प्रियंका दोनों चुनाव प्रचार के आखिरी दिन पंजाब में मौजूद हैं। कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल पर जमकर हमला बोला है। जबकि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भी एक वीडियो संदेश जारी कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सवाल उठाये हैं।

इस दौरान, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा गठबंधन के लिए तीन सभाओं को संबोधित कर चुके हैं। इसके अलावा कैप्टन अमरिंदर सिंह भी आज अपनी सीट पर रोड शो करेंगे। आम आदमी पार्टी की बात करें तो पार्टी प्रमुख और दिल्ली के मुख्यमंत्री, अरविंद केजरीवाल भी पंजाब में मौजूद हैं। जबकि सुखबीर सिंह बादल ने अकाली दल और बसपा गठबंधन की तरफ से कमान संभाली हुई है।

कुमार विश्वास का अरविन्द केजरीवाल पर बड़ा आरोप, केजरीवाल को बताया खालिस्तानी समर्थक

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को फतेहगढ़ साहिब और सरहिंद की नई अनाज मंडी में प्रचार किया। जबकि, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने पंजाब के पठानकोट और लुधियाना में कांग्रेस उम्मीदवारों के समर्थन में रोड शो किया।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज पटियाला में बीजेपी की ओर से रैली करेंगे और कैप्टन अमरिंदर सिंह के साथ प्रचार करेंगे. आम आदमी पार्टी के दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया चुनाव प्रचार के आखिरी दिन मैदान में उतर रहे हैं। वह अमृतसर में बाइक रैली कर आम आदमी पार्टी के लिए माहौल बनाने की कोशिश करेंगे। वहीं मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल रोड शो भी करेंगे।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में कल एक जनसभा को संबोधित किया। राहुल गांधी ने कहा, कि “पंजाब में सबसे महत्वपूर्ण चीज शांति और भाईचारा है। इससे ज्यादा महत्वपूर्ण कुछ नहीं है। जिस दिन यह खत्म हो जाएगा, न रोजगार होगा और न ही विकास। पूरे राज्य को भुगतना पड़ेगा। पंजाब को शांति और भाईचारे की रक्षा करनी है।” प्रियंका गांधी ने मोदी को बड़े मियां और केजरीवाल को छोटे मियां बोलते हुए कहा, कि दोनों ही संघ के मिलेजुले और स्पोंसर्ड नेता हैं।

पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू अपनी सीट के लिए जोर लगा रहे हैं। पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने नवजोत सिंह साधु के साथ गुरुवार को अमृतसर में रोड शो किया। विधानसभा चुनाव (Punjab Assembly Election) प्रचार के आखिरी दिन भी सिद्धू अपनी सीट पर रोड शो कर माहौल बनाने की कोशिश करेंगे।