July 26, 2024
दहेज़ हत्या

नवविवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत

Share on

नई दिल्ली, 28 मार्च (वेब वार्ता)। पुरानी सीमापुरी इलाके में एक नवविवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। मृतक युवती के परिजनों का आरोप है कि दहेज के लिए ससुराल वाले उसे प्रताड़ित करते थे, उनकी दहेज़ हत्या की गई है। बीती रात 2 बजे के बाद उसने फोन करके बताया कि घर वाले जमा हुए हैं। उसे मारने की तैयारी हो रही है। वह बहुत घबराई हुई थी। बात करते हुए करीब डेढ़ मिनट के अंदर ही उसकी कॉल अचानक कट गई। इसके कुछ देर के बाद दामाद राहुल ने फोन करके बताया कि भारती बेहोश हो गई है। उसे अस्पताल लेकर जा रहे हैं।

भाजपा को कश्मीर फाइल्स की चिंता है, कश्मीरी पंडितों की नहीं : मनीष सिसोदिया

परिजनों ने बताया कि जब बेटी को अस्पताल में देखा तो वह मृत पड़ी थी। उसके गाल, नाक और गले पर निशान पड़े हुए थे। डॉक्टर से पूछा तो उन्होंने बताया कि उसे मरी हुई हालत में अस्पताल लाया गया था। परिजनों ने बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित करने और पीटकर मारने का आरोप लगाया है। आरोप है कि उसका गला घोंटकर हत्या की गई है। मृतक युवती की शादी को 15 महीने हुए थे। शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज के लिए उसे प्रताड़ित करते थे। कथित रूप से बीती रात बेटी का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। मृतक अपने पीछे 6 महीने की बच्ची छोड़ गई है। परिवार का कहना है कि शादी में दहेज देने के लिए लाखों रुपए कर्ज लिए थे। जिसे अब तक अदा नहीं कर सके हैं। परिजनों ने प्रशासन से इंसाफ की गुहार लगाई है। परिवार का आरोप है कि पुलिस उनकी कोई सुनवाई नहीं कर रही है। उनकी बेटी की हत्या करने वाले ससुराल पक्ष के लोग खुले घूम रहे हैं। ससुराल पक्ष से एक भी आदमी उनकी बेटी की मौत पर नहीं आया है। बहरहाल इस मामले में एसडीएम ने जांच का आश्वासन दिया है। फिलहाल ससुराल पक्ष के लोग फरार बताए जा रहे हैं।