July 26, 2024
भगवंत मान

भगवंत मान 16 मार्च को भगत सिंह के गांव में लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ

Share on

भगवंत मान 16 मार्च को पंजाब के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इससे पहले आम आदमी पार्टी 13 मार्च को ‘विजय मार्च’ शुरू करेगी। शपथ लेने से पहले भगवंत मान ने शुक्रवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री ‘आप’ संयोजक अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया से दिल्ली में मुलाकात की और उन्हें शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। जानकारी के मुताबिक़ भगवंत मान 13 मार्च को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ अमृतसर में रोड शो करेंगे।

इससे पहले पंजाब में पार्टी की जीत के बाद भगवंत मान ने कहा था कि वह शहीद-ए-आजम भगत सिंह के गांव खटकर कलां में शपथ लेंगे। ये ख़बर भी आ रही है कि अरविंद केजरीवाल शुक्रवार को पंजाब विधानसभा के अपने नवनिर्वाचित सदस्यों के साथ बैठक भी कर सकते हैं।

भगवंत मान ने कहा कि विधायक दल के सदस्य शुक्रवार शाम को बैठक करेंगे। भगवंत मान शहीद-ए-आजम भगत सिंह के बहुत बड़े प्रशंसक हैं और आमतौर पर उनके जैसे ही कपड़े पहनते हैं।

एनएसई घोटाला: आनंद सुब्रमण्यम ने ही बनाई थी, ‘अज्ञात योगी’ की ईमेल आईडी

भगवंत ने एक बयान में कहा कि उनकी रैली भगत सिंह के नारे “इंक़िलाब ज़िंदाबाद” के साथ ही शुरू और समाप्त होती है। उन्होंने कहा कि यह नारा भी शहीद-ए-आजम की आत्मा को शांति देने वाला होगा। शहीदों के बलिदान का सम्मान करना हमारा नैतिक कर्तव्य है। उन्हीं की बदौलत हमें आजादी मिली।

गौरतलब है कि भगवंत मान पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि प्रत्येक सरकारी कार्यालय में केवल दो चित्र होंगे, एक शहीद भगत सिंह और दूसरा भीम राव अंबेडकर का।

ध्यान रहे कि पंजाब में आम आदमी पार्टी ने प्रचंड जीत हासिल की है। यह पंजाब के पूरे इतिहास में किसी एक पार्टी की सबसे बड़ी जीत मानी जा रही है। इससे पहले 1992 में कांग्रेस ने 87 सीटें जीती थीं, लेकिन 2022 में आप की जीत न सिर्फ संख्या के लिहाज से बड़ी है, बल्कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी की सुनामी में बड़े बड़े कद्दावर नेता भी बह गए।

हालात ऐसे बने कि मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी अपनी दोनों सीटों पर हार गए। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू भी अपनी सीट नहीं बचा सके। दो पूर्व मुख्यमंत्रियों, अमरिंदर सिंह और प्रकाश सिंह बादल को भी हार का सामना करना पड़ा।

दिल्ली के गोकलपुरी में भीषण आग, 7 लोगों की मौत कई झुलसे